गंगा ग्लोबल बीएड कालेज में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह आयोजित

गंगा ग्लोबल इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर एजुकेशन, रमजानपुर, बेगूसराय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पूर्व संध्या पर समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक प्रो. अंजली, डॉ. कामायनी कुमारी, डॉ. अनीथा एस तथा प्रो. शालिनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन भाषण में प्रो अंजली ने वर्ष 2024 के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के थीम inspire inclusion एक ऐसी दुनिया जहां हर किसी को बराबर का हक और सम्मान मिले पर चर्चा करते हुए कहा कि समाज की महिलाओं को पढ़ी-लिखी होने के साथ जागरूक होने की जरूरत है ताकि वह शिक्षा और संस्कृति के प्रति अगली पीढ़ी को जागरूक कर सके। डाॅ. कामायनी कुमारी ने कहा कि महिला दिवस को नारी शक्ति दिवस भी कहा जा सकता है। उन्होंने जयशंकर प्रसाद की कृति नारी तुम श्रद्धा हो प्रस्तुत किया। डॉ. अनीथा एस ने कहानी के माध्यम से महिला सशक्तिकरण पर बल दिया।
प्रभारी प्राचार्य सह कार्यक्रम संयोजक प्रो. परवेज़ यूसुफ़ ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का अर्थ है कि महिलाओं को अच्छी शिक्षा दी जाए और उन्हें काबिल बनाया जाए। दोनों सत्र के प्रशिक्षुओं को संबोधित कर कहा कि आप भावी शिक्षक हैं आपको देश और समाज के लिए शिक्षित नागरिक तैयार करना है। महिला शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए। सहायक प्राध्यापक प्रो.सुधाकर पांडेय ने कहा कि महिला और पुरुष दोनों का महत्व बराबर है। हमें इसे समझने और समझाने की आवश्यकता है। सहायक प्राध्यापक प्रो. विपिन कुमार ने महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार लाने पर बल दिया। सहायक प्राध्यापक प्रो.कुंदन कुमार ने सशक्तिकरण की बात की। वहीं प्रो.अमर कुमार ने महिला के सम्मान में एक मार्मिक गीत प्रस्तुत किया।
प्रथम वर्ष की प्रशिक्षु कुमारी ममता ने महिलाओं को सम्मान क्यों देना चाहिए का महत्व बताया। भारती कुमारी ने बहुत ही मार्मिक कविता पाठ करते हुए कहा लड़की हो जाने दो… । कृष्ण कुमार ने एक गीत प्रस्तुत किया वहीं हिमरेणु कुमारी, जागृति कुमारी, सलोनी कुमारी, करिश्मा कुमारी, निधि कुमारी, मेधा कुमारी, अभिलाषा कुमारी, कंचन कुमारी तथा प्रिया कुमारी ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित कविता का पाठ किया। सुप्रिया कुमारी ने जहां महिला सशक्तिकरण पर एक कहानी प्रस्तुत किया वहीं प्रतिभा कुमारी ने महिला सम्मान की बात कही।
मंच संचालन द्वितीय वर्ष की प्रशिक्षु शिवानी तथा प्रथम वर्ष की शाम्भवी कुमारी ने किया।
उक्त अवसर पर सभी प्राध्यापकों के अलावा मनीष कुमार अकेला, प्रकाश सिन्हा तथा आलोक कुमार के साथ सत्र 2022-24 तथा 2023-25 के प्रशिक्षुगण उपस्थित थे।